बारिश के बीच नाला पार करना पड़ा भारी, साथी ने तैरकर बचाई जान
कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच उफनते नाले को बाइक से पार करने की कोशिश एक युवक की जान ले गई। तेज बहाव में बाइक समेत बह गए 28 वर्षीय युवक का शव करीब 12 घंटे बाद घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, घटना लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम नकिया की है। गांव निवासी राहुल कुमार मंझवार (28 वर्ष) सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू कार्य से कोरबा शहर आया था। काम पूरा करने के बाद दोनों देर शाम बाइक से अपने गांव लौट रहे थे।

गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले पड़ने वाले सांचर नाला में लगातार बारिश के कारण पानी का स्तर काफी बढ़ गया था और तेज बहाव था। स्थानीय लोगों के अनुसार, उस समय नाले को पार करना बेहद जोखिम भरा था। इसके बावजूद राहुल ने बाइक के साथ नाला पार करने का प्रयास किया।

जैसे ही बाइक नाले के बीच पहुंची, तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और राहुल बाइक समेत पानी में बह गया। उसके साथ मौजूद बुधराम भी पानी में गिर गया, लेकिन उसने किसी तरह तैरकर किनारे तक पहुंचकर अपनी जान बचा ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने युवक की तलाश शुरू की। करीब 12 घंटे की खोजबीन के बाद राहुल का शव घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।









