सब्जी मार्केट में चल रहा था सट्टे का खेल, सट्टा पट्टी, डॉट पेन और नकदी जब्त
खैरागढ़। जिले में अवैध जुआ और सट्टे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में थाना गंडई पुलिस ने सट्टा खिलाते एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी, डॉट पेन और नगद राशि बरामद कर उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंडई के सब्जी मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति हार-जीत पर रुपये का दांव लगवाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है।

सूचना मिलते ही थाना गंडई पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सट्टा लिखने में इस्तेमाल की जा रही सट्टा पट्टी, डॉट पेन तथा नगद राशि जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








