व्यापारी से निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये ऐंठे, नया रायपुर से दबोचे गए फरार आरोपी
जांजगीर-चांपा। जिले में शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर 2 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने वाले फरार पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को नया रायपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक व्यापारी से 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये की धोखाधड़ी की थी।

पुलिस ने बताया कि चांपा निवासी बैटरी व्यापारी हेमदत्त केशरवानी ने 24 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी।

आरोप है कि हरिशंकर गुप्ता ने खुद को यूनियन बैंक, चांपा का कर्मचारी बताकर व्यापारी का विश्वास जीता और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का झांसा दिया। इसी भरोसे में व्यापारी ने अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम आरोपियों को दे दी, लेकिन न तो निवेश का कोई लाभ मिला और न ही मूल राशि वापस की गई।

मामले की शिकायत मिलने के बाद चांपा पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन लगातार तलाश के बाद पुलिस ने उन्हें नया रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी निवेश का झांसा देकर ठगी तो नहीं की है।










