एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, प्रतिबंधित दवाइयां जब्त
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित चंडी नगर के गदयाही मंदिर के पास प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि गदयाही मंदिर के पास दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की बिक्री करने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप ने तत्काल सूचना का सत्यापन कर आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुनील बघेल और सचिन महानंद के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रतिबंधित दवाइयों की आपूर्ति उन्हें कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।









