कॉलेज रोड पर देर रात वारदात, आरोपी हिरासत में; पुलिस कर रही पूछताछ
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कॉलेज रोड स्थित एक चखना सेंटर में हुए झगड़े के दौरान एक युवक पर धारदार कैंची से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
संचालकों के बीच विवाद के बाद हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, घटना कसडोल थाना क्षेत्र के कॉलेज रोड स्थित एक चखना सेंटर की है। यहां किसी बात को लेकर संचालकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इसी दौरान आरोपी ने अपने ही सहयोगी पर धारदार कैंची से हमला कर दिया।
इलाज से पहले ही तोड़ा दम
हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा हत्या के कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।








