दूसरे युवक से बात करने के शक में हुआ विवाद, गला दबाकर की हत्या; आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
शक बना हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को युवती के दूसरे युवक से बातचीत करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
मारपीट के बाद गला दबाकर की हत्या
जांच के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने युवती के साथ मारपीट की और गुस्से में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
24 घंटे में सुलझा मामला
पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








