लोकल ट्रेन छोड़ एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान फिसला पैर, ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने से कटा पैर
भिलाई। दुर्ग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की जान चली गई। लोकल ट्रेन से उतरकर चलती हुई एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान उनका पैर फिसल गया और वे ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए। हादसे में उनका दायां पैर कट गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जीआरपी दुर्ग के अनुसार, सुबह करीब 5:45 बजे प्लेटफॉर्म-4 पर दुर्ग-रायपुर लोकल ट्रेन खड़ी थी। इसी दौरान पुणे-हटिया एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म-3 पर पहुंची। करीब पांच मिनट रुकने के बाद जैसे ही एक्सप्रेस ट्रेन रायपुर की ओर रवाना हुई, युवक लोकल ट्रेन छोड़कर एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ने के लिए दौड़ पड़े।

बताया गया कि दौड़ते समय उनके दाहिने हाथ में रखा लैपटॉप बैग फिसलकर कलाई तक आ गया, जिससे संतुलन बिगड़ गया। वहीं बाएं हाथ से ट्रेन के गेट पर लगे हैंडल की पकड़ भी कमजोर पड़ गई। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे प्लेटफॉर्म तथा ट्रेन के बीच ट्रैक पर जा गिरे। हादसे में उनका दायां पैर ट्रेन की चपेट में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। उन्हें ट्रैक से बाहर निकालकर तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान साईं नगर, उरला निवासी संदीप कुमार सिन्हा के रूप में हुई है, जो ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी में क्षेत्रीय प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनके पास से रेलवे का मासिक पास भी मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे रोजाना रायपुर आने-जाने के लिए ट्रेन से सफर करते थे।
जीआरपी ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।









