3.27 लाख रुपये की नगदी, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन जब्त, खुर्सीपार पुलिस व एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
दुर्ग। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खुर्सीपार थाना पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केएलसी स्थित काली मंदिर के पीछे एक मकान में संचालित जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी, ताश की पत्तियां और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 27 हजार 650 रुपये की सामग्री जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में अवैध रूप से जुआ संचालित होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना में बताया गया था कि काली माता मंदिर के पीछे स्थित एक मकान में कई लोग बड़ी रकम लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए खुर्सीपार थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।

मौके से पकड़े गए 14 जुआरी
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी, जहां बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते मिले। कार्रवाई के दौरान 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उनके पास से नगदी राशि, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 3 लाख 27 हजार 650 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









