साईनगर बघेरा में हिसाब-किताब को लेकर हुआ विवाद, छोटे भाई की मौत; आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के साईनगर बघेरा में चॉइस सेंटर के संचालन और हिसाब-किताब को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद मंगलवार रात खूनी वारदात में बदल गया। विवाद के दौरान बड़े भाई ने अपने छोटे भाई के सिर पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से छोटे भाई की मौत हो गई।
चॉइस सेंटर के संचालन को लेकर था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच चॉइस सेंटर के संचालन और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
सिर पर कुल्हाड़ी से किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान बड़े भाई ने छोटे भाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। गंभीर चोट के चलते छोटे भाई की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी भाई को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे के पूरे विवाद की जांच की जा रही है।








