बिजली बिल ने बढ़ाई लोगों की नाराजगी
रायपुर|रायपुर में स्मार्ट मीटर और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में उपभोक्ता जनदर्शन में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। उनका आरोप था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल पहले की तुलना में कई गुना बढ़कर आ रहा है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
कलेक्ट्रेट के सामने तोड़ा स्मार्ट मीटर
प्रदर्शन के दौरान नाराज लोगों ने अपने साथ लाए स्मार्ट मीटर को कलेक्ट्रेट के सामने ही तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, इसलिए विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
पुराने मीटर लगाने और बढ़ी दरें वापस लेने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर दोबारा पुराने बिजली मीटर लगाए जाएं। साथ ही हाल ही में बढ़ाई गई बिजली दरों को वापस लेने और बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कर राहत देने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद
जनदर्शन में अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन स्वीकार किया और उनकी शिकायतों पर नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।










