कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने की निवारक कार्रवाई
रायगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आदतन झगड़ा-मारपीट, गुंडागर्दी और शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना तमनार प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने क्षेत्र में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की। जांच के दौरान ऐसे युवकों की पहचान की गई जिनके खिलाफ लगातार विवाद, मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की शिकायतें मिल रही थीं।
समझाइश के बाद भी नहीं सुधरे, अदालत ने जारी किया जेल वारंट
पुलिस ने चिन्हित युवकों को थाना बुलाकर कड़ी चेतावनी और समझाइश दी थी। इसके बावजूद उनके दोबारा शांति भंग करने और क्षेत्र में अशांति फैलाने की आशंका बनी रही। इसके चलते थाना तमनार पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस सहपठित धारा 123 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत निवारक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने सातों के खिलाफ जेल वारंट जारी कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें जेल दाखिल करा दिया।
कार्रवाई में पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में एएसआई सुरति लाल सिदार, प्रधान आरक्षक दिलदार कुरैशी, विपिन पटेल, हेम प्रकाश सोन तथा आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार, पुष्पेंद्र सिदार और रंजीत भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जेल भेजे गए युवक
पुलिस द्वारा जिन लोगों को जेल भेजा गया उनमें चुडामणी गुप्ता (23 वर्ष), मनीष कुमार यादव (21 वर्ष), नारायण दास महंत (41 वर्ष), मनीष कुमार यादव (26 वर्ष), नरेन्द्र पटनायक (25 वर्ष) और कमल किशोर सिदार (23 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।










