गोबरा नवापारा के किसानपारा निवासी 30 वर्षीय विमल यादव की संदिग्ध मौत, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी
रायपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक का शव तालाब में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विमल यादव, निवासी किसानपारा, गोबरा नवापारा के रूप में हुई है। घटना दुलना-पटेवा मार्ग के पास स्थित एक तालाब की है, जहां शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए शुरू कर दी है।
वहीं, मृतक के परिजनों ने इस घटना में हत्या की आशंका जताई है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








