Bilaspur. बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में शराब भट्ठी परिसर के अंदर एक ऑटो चालक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार शाम हुई इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गाली-गलौज को लेकर शुरू हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि धमकी का विरोध करने पर आरोपी ने ऑटो चालक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।








