पलसापाली बेरियर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस की कार्रवाई, कट्टा-कारतूस और 3.25 लाख रुपये बरामद
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे कथित अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक, पलसापाली बेरियर पर वाहनों की जांच और नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से हथियार और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई।
कट्टा, कारतूस और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 3 लाख 25 हजार रुपये नगद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
आर्म्स एक्ट समेत धाराओं में मामला दर्ज
चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला है और बरामद रकम व हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात के लिए किया जाना था।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।








