कोरबा के पाम मॉल में देर रात हंगामा, सुरक्षा सुपरवाइजर की शिकायत पर वाहन जब्त
कोरबा। शहर के पाम मॉल में देर रात नशे की हालत में एक कथित ठेकेदार द्वारा स्कॉर्पियो वाहन मॉल की सीढ़ियों पर चढ़ाने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 1:15 बजे की बताई जा रही है। मामले में सुरक्षा सुपरवाइजर की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी कथित ठेकेदार रमन सिंह अपने दो साथियों के साथ रात करीब 1 बजे पाम मॉल स्थित ONC बार में शराब पीने पहुंचा था। बार से बाहर निकलने के बाद वह मॉल के बाहर खड़ी अपनी सफेद स्कॉर्पियो (CG 10 CD 0513) के पास पहुंचा।

आरोप है कि नशे की हालत में रमन सिंह ने चालक को स्कॉर्पियो मॉल के अंदर ले जाने के लिए कहा। इसके बाद चालक ने वाहन को मॉल के प्रवेश द्वार की सीढ़ियों पर चढ़ा दिया। अचानक हुई इस घटना से मौके पर मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुरक्षा गार्डों ने वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी नहीं रोकी गई। इस दौरान रमन सिंह की सुरक्षा कर्मचारियों से बहस भी हुई। आरोप है कि वह चालक को बार-बार वाहन सीढ़ियों पर चढ़ाने के लिए कहता रहा।

पूरी घटना मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने सुरक्षा सुपरवाइजर की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








