बेमेतरा के बोरतरा गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात; फरार आरोपियों की तलाश जारी
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरतरा में पुराने विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय ओमप्रकाश प्रजापति ने जिला अस्पताल बेमेतरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ओमप्रकाश प्रजापति का गांव के कुछ लोगों के साथ पुराने विवाद को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि शिव श्रीवास, रोशन श्रीवास, सोमनाथ श्रीवास और दीपक श्रीवास समेत अन्य लोगों ने ओमप्रकाश पर बबूल और बांस के डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल ओमप्रकाश को तत्काल जिला अस्पताल बेमेतरा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपियों की पहचान कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।








