दुर्ग पुलिस ने 72 घंटे के भीतर किया खुलासा, हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद
दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में बाइक के लेनदेन को लेकर हुए युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धारदार हथियार से किया गया था हमला
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को ग्राम नारधा निवासी भीषम गायकवाड़ पर ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल भीषम को उपचार के लिए मुरमुंदा स्थित मां कर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
युवक की मौत के बाद जामुल थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मुख्य आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया।
बाइक के लेनदेन का विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच बाइक के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने भीषम गायकवाड़ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








