केरेगांव पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई जारी
धमतरी। जिले में गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में केरेगांव थाना पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़े हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया पूर्णिमा सोरी पति योगेंद्र सोरी (उम्र 31 वर्ष), निवासी ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा थाना केरेगांव ने मामले की जानकारी दी थी। बताया गया कि करीब एक वर्ष से उसका शंकर सूर्यवंशी निवासी नगरी तहसील दलौदा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। शंकर समय-समय पर पूर्णिमा से मिलने उसके गांव आता-जाता था।

पत्नी के प्रेम संबंध से नाराज था आरोपी पति
जांच में सामने आया कि करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बच्चियों के साथ शंकर सूर्यवंशी के घर मध्यप्रदेश गई थी और वहां चार-पांच दिन रहने के बाद वापस अपने गांव लौट आई थी। इस बात को लेकर पति योगेंद्र सोरी नाराज था।

पुलिस के मुताबिक, इसी प्रेम प्रसंग को लेकर आरोपी पति ने शंकर सूर्यवंशी की हत्या की साजिश रची। मौका पाकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर शंकर की हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पूछताछ के आधार पर आरोपी पति योगेंद्र सोरी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









