स्कूटी की डिक्की से मिला 8 पन्नों का नोट, मोबाइल भी बरामद; पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जिला जेल में पदस्थ एक जेल प्रहरी के संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। जेल प्रहरी महेंद्र कुमार वर्मा जेल परिसर के सामने से गायब हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई है।
रिश्तेदार को भेजा वीडियो, लगाए प्रताड़ना के आरोप
जानकारी के अनुसार, लापता होने से पहले जेल प्रहरी ने अपने एक रिश्तेदार को वीडियो भेजा, जिसमें उसने कथित तौर पर उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। इसके बाद उसकी स्कूटी की डिक्की से 8 पन्नों का एक नोट भी बरामद हुआ है। नोट में क्या लिखा है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
मोबाइल और नोट बरामद
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों की शिकायत पर बालोद थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से जेल प्रहरी का मोबाइल फोन और 8 पन्नों का नोट बरामद किया है।
विशेष टीम ने शुरू की तलाश
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जेल प्रहरी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है। टीम आसपास के इलाकों में तलाश के साथ-साथ उसके मोबाइल और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
आरोपों की भी होगी जांच
फिलहाल जेल प्रहरी के लापता होने के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। उसके द्वारा लगाए गए उच्च अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







