दल्लीराजहरा-कुसुमकसा रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव, पुलिस और जीआरपी जांच में जुटी
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। दल्लीराजहरा और कुसुमकसा के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरमुरकसा निवासी सूर्यकांत कुल्हारा के रूप में हुई है।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
जानकारी के अनुसार, दल्लीराजहरा-कुसुमकसा के बीच रेलवे लाइन पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना बताया जा रहा है। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
खेती-किसानी का काम करता था युवक
बताया गया कि सूर्यकांत कुल्हारा गांव में खेती-किसानी का काम करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
फिलहाल दल्लीराजहरा पुलिस और जीआरपी मामले की जांच में जुटी हैं।







