नगर निवेश विभाग की समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त ने कार्रवाई तेज करने के दिए निर्देश
रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध कब्जे और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नगर निगम अब सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है। नगर पालिक निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर अपर आयुक्त नगर निवेश पंकज के. शर्मा ने नगर निगम मुख्यालय स्थित डेटा सेंटर में नगर निवेश विभाग के कामकाज की गहन समीक्षा की।
सभी जोनों के अधिकारियों से लिया कामकाज का फीडबैक
समीक्षा बैठक में नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता नीतीश झा सहित सभी जोनों के नगर निवेश विभाग के सहायक अभियंता और उपअभियंता मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभागीय कार्यों और लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
अवैध निर्माण और कब्जों पर कार्रवाई के निर्देश
अपर आयुक्त पंकज के. शर्मा ने अधिकारियों को शहर में अवैध कब्जे, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के सख्त निर्देश दिए। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर निवेश विभाग की कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी
बैठक में नगर निवेश विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम प्रशासन का फोकस शहर में व्यवस्थित विकास और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने पर है।







