ई-समन, ई-साक्ष्य और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के शत-प्रतिशत उपयोग के निर्देश, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग ने रेंज के सभी जिलों की कानून-व्यवस्था, न्यायिक प्रक्रियाओं और डिजिटल पुलिसिंग की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को तकनीक आधारित पुलिसिंग को पूरी तरह लागू करने के निर्देश दिए।
आईजी गर्ग ने कहा कि न्याय प्रणाली को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाने के लिए ई-समन, ई-साक्ष्य, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गवाही और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर पुलिस कार्यप्रणाली को तेज, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए। साथ ही आम नागरिकों को बेहतर, सरल और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी जिलों में डिजिटल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।
आईजी ने कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग से न केवल न्यायिक प्रक्रियाओं में तेजी आएगी, बल्कि अपराधों की जांच और मामलों के निपटारे में भी अधिक दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।







