ग्राम केवतरा के पास हुआ हादसा, दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार
बेमेतरा। जिले के साजा मुख्यालय से लगे ग्राम केवतरा के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक को आत्मानंद स्कूल से संबंधित एक चार पहिया तूफान वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर गई जान
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार 17 जुलाई की शाम ग्राम केवतरा के पास हुई। बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद फरार हुए वाहन चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से दुर्घटना की जांच कर रही है।







