हरियाणा और यूपी के रहने वाले हैं आरोपी, 5.12 लाख रुपये का माल जब्त; सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। टिकरापारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास से 10.226 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा और उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं, जो छत्तीसगढ़ में गांजा की बिक्री और सप्लाई के उद्देश्य से पहुंचे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 12 हजार 300 रुपये आंकी गई है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को टिकरापारा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भाठागांव मैदान बस स्टैंड के पास कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की तैयारी में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद टिकरापारा थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 10.226 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 620/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जानी थी। मामले में सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए एंड-टू-एंड जांच जारी है।









