कलेक्टरों और एसपी को राहत-बचाव की पुख्ता तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर
रायपुर। प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा कई जिलों के लिए जारी रेड एवं येलो अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों को संभावित बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां लोगों को सुरक्षित स्थानों पर तत्काल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जनहानि की किसी भी संभावना को टाला जा सके।

राहत शिविरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
मुख्यमंत्री साय ने प्रत्येक जिले में राहत एवं बचाव कार्यों की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों में भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, प्राथमिक उपचार, बिजली, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था पहले से उपलब्ध रहे, ताकि आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। राज्य सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा है।








