नाइट ड्यूटी पर जाने से पहले हुआ हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार
दुर्ग/भिलाई। भिलाई में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के ठेका कर्मी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सेंट्रल एवेन्यू के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी।

50 फीट तक घसीटा, मौके पर तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्याम राव के रूप में हुई है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र में ठेका कर्मी के तौर पर कार्यरत थे। सोमवार रात वह अपनी ससुराल मरोदा से दो अन्य लोगों के साथ एक ही बाइक से खुर्शीपार स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम राव करीब 50 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, श्याम राव नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे, लेकिन ड्यूटी पर पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गए।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। भिलाई नगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।







