दो आरोपी गिरफ्तार, दो पहले से जेल में बंद; 1.75 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले से ही अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं।

पुलिस जांच में आरोपियों की निशानदेही पर मंदिरों से चोरी किए गए करीब 1 लाख 75 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद सामान में मंदिर में चढ़ाए गए कई कीमती जेवर शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से मंदिर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले की जांच के दौरान मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि गिरोह ने जिले के अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को भी अंजाम दिया हो। इस संबंध में भी जांच जारी है।
मंदिर चोरी का खुलासा होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।







