छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश को राज्य शासन ने दी अहम जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बिलासपुर की सेवानिवृत्त न्यायाधीश रजनी दुबे को छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण (Real Estate Appellate Tribunal) की अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में आवास एवं पर्यावरण विभाग के अवर सचिव शत्रुहन यादव ने आदेश जारी किया है।
शासन ने जारी किया नियुक्ति आदेश
राज्य शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भू-संपदा (विनियमन एवं विकास) अधिनियम, 2016 की धारा 46 की उपधारा (1) के खंड (अ) एवं उपधारा (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए रजनी दुबे की नियुक्ति की गई है।
रियल एस्टेट मामलों में होगी अहम भूमिका
रजनी दुबे अब छत्तीसगढ़ भू-संपदा अपीलीय अधिकरण, रायपुर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगी। यह अधिकरण रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े मामलों और अपीलों के निपटारे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रशासनिक स्तर पर अहम नियुक्ति
राज्य शासन की यह नियुक्ति रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़े विवादों और अपीलों के प्रभावी निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीश को अधिकरण की अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिलने से मामलों के न्यायिक निराकरण में अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद है।







