पेट्रोल खत्म होने पर पैदल जा रहे युवक को बनाया निशाना, सोने की चेन और मोबाइल लूटकर हुए थे फरार
राजनांदगांव। जिले की सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पेट्रोल खत्म होने का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, घटना 19 जुलाई 2026 की है। पीड़ित युवक अपनी मां को महाराष्ट्र के देवरी में दवाई दिलाने के बाद भिलाई कैंप-1 लौट रहा था। राजनांदगांव के आरके नगर चौक के पास उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया, जिसके बाद वह बाइक को पैदल लेकर आगे बढ़ रहा था।

धक्का देकर छीनी सोने की चेन और मोबाइल
शाम करीब 4:15 बजे बिना नंबर प्लेट वाली काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने युवक को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उसके गले से करीब आधा तोला सोने की चेन तथा जेब में रखा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
तत्काल कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
घटना की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।








