पश्चिम जोन में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर कसा शिकंजा, 17 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और 3 गिरफ्तारी वारंट की तामिली
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पश्चिम जोन में विशेष अभियान चलाया। 12 अगस्त 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग करते हुए असामाजिक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
140 मामलों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कुल 140 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर 17 प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गईं।
गुंडा और निगरानी बदमाशों की हुई चेकिंग
अभियान के दौरान गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश और नए उभरते बदमाशों की सघन जांच की गई। अड्डेबाजी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं लंबित मामलों में 3 गिरफ्तारी वारंट की तामिली भी की गई।
त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान
यह अभियान पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रोबिनसन गुड़िया (भापुसे) और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र राहुल देव शर्मा के निर्देशन में चलाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक, पुरानी बस्ती और न्यू राजेंद्र नगर के मार्गदर्शन में पश्चिम जोन के सभी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्वतंत्रता दिवस और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








