इंडक्शन फर्नेस में बॉयलिंग से झुलसे थे पांच श्रमिक, चार दिन बाद दो ने तोड़ा दम
रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित मां शिवा स्टील प्लांट में हुए औद्योगिक हादसे में झुलसे दो श्रमिकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में कुल पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनमें से दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया था। उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य तीन घायल श्रमिकों का इलाज जारी है।
काम के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले मां शिवा स्टील प्लांट में श्रमिक रोज की तरह इंडक्शन फर्नेस के पास काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फर्नेस में बॉयलिंग होने से गर्म धातु और तेज लपटों की चपेट में आकर पांचों श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए।
पांच श्रमिक हुए थे घायल
हादसे में प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, गुड्डू कुमार, चतूर यादव और शनिराम राठिया गंभीर रूप से घायल हुए थे। इनमें से दो श्रमिकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद जांच जारी
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं, शेष तीन घायल श्रमिकों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद श्रमिकों और उनके परिजनों में शोक का माहौल है।







