फेसबुक पोस्ट पर की गई थी आपत्तिजनक टिप्पणी, पार्षद महेश ध्रुव की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने की कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा को लेकर फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।

फेसबुक अकाउंट से की गई थी टिप्पणी
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 10 जुलाई को ललित टांडी ललित नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा को लेकर अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि इस टिप्पणी से विधायक की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और समाज में उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।

BNS की धाराओं में अपराध दर्ज
पार्षद की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।









