महिला जोन आयुक्त के चालक से गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर नगर निगम से जुड़े एक विवाद में जोन अध्यक्ष के बेटे के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि नगर निगम के जोन क्रमांक 4 की महिला जोन आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी के वाहन चालक योगेंद्र साहू के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिल शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, योगेंद्र साहू नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 4 में वाहन चालक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे नगर निगम कार्यालय परिसर में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि अनिल शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर नगर निगम परिसर में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।








