शहर के एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर 24 घंटे निगरानी, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है। 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। राजधानी समेत पूरे देश में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा।
एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर कड़ी निगरानी
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 800 से ज्यादा पुलिस अधिकारी और जवान शहर के अलग-अलग हिस्सों में तैनात किए गए हैं। रायपुर के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर पुलिस की 24 घंटे निगरानी रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर बढ़ी सुरक्षा
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, बस स्टैंड समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल के साथ निगरानी और जांच की व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।







