बिना पंजीयन चल रहा बिरयानी सेंटर सील, गंदगी मिलने पर भी कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन के आसपास खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान भोजनालयों, रेस्टोरेंट और बिरयानी सेंटरों में साफ-सफाई एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
बिना खाद्य पंजीयन के चल रहा था सेंटर
जांच के दौरान ‘न्यू सागर बिरयानी सेंटर’ बिना खाद्य पंजीयन के संचालित होता मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर ही प्रतिष्ठान को सील कर दिया। वहीं, एक अन्य बिरयानी सेंटर में अत्यधिक गंदगी और खराब रखरखाव मिलने पर उसके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
चिकन बिरयानी में मिला हानिकारक रंग
निरीक्षण के दौरान टीम को चिकन बिरयानी में हानिकारक रंगों के इस्तेमाल की जानकारी मिली। खाद्य सुरक्षा को देखते हुए टीम ने मौके पर ही संबंधित बिरयानी को नष्ट करवा दिया। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मच गया।
खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित या हानिकारक रंगों का इस्तेमाल और बिना पंजीयन कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।







