दो महीने से पुलिस से बच रहा था आरोपी, मुखबिर की सूचना पर ससुराल से दबोचा गया
बिलासपुर। शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण करने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमन यादव उर्फ राजा बीते 2 मई से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे उसके ससुराल से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की एक युवती ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि अमन यादव ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और दैहिक शोषण किया। बाद में जब शादी की बात आई तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने उसके ससुराल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








