पत्नी के आरोप पर कार्रवाई, 52 लाख रुपये के फर्जी केसीसी ऋण का भी आरोप
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरजू सहकारी समिति के प्रबंधक दिनेश गुप्ता की आत्महत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला सहकारी बैंक पेटला के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार एवं अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, केरजू सहकारी समिति के प्रबंधक दिनेश गुप्ता (50 वर्ष) ने 25 दिसंबर 2025 की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया गया कि घटना से पहले वह समिति से घर लौटे थे। उस दौरान किसानों के नाम पर उनके खाते से कथित रूप से फर्जी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण निकाले जाने को लेकर विवाद हुआ था, जिससे वह मानसिक तनाव में थे।

पुलिस जांच के दौरान मृतक की पत्नी सुनीता गुप्ता का बयान दर्ज किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला सहकारी बैंक पेटला के तत्कालीन शाखा प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार ने दिनेश गुप्ता को माध्यम बनाकर कथित रूप से फर्जी तरीके से केसीसी ऋण स्वीकृत कराए और करीब 52 लाख रुपये की राशि का गबन किया।

पत्नी की शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।










