साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर सरस्वती नगर पुलिस ने की कार्रवाई
रायपुर। राजधानी रायपुर में स्कूटी में आग लगाने के दौरान युवक की मौत के मामले में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने जांच पूरी करते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुकेश निषाद को गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों, गवाहों के बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, सरस्वती नगर थाना में दर्ज मर्ग क्रमांक 25/26 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के अंतर्गत मामले की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मृतक साकिब रजा के परिजनों और उसके साथियों से विस्तृत पूछताछ की गई।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ी गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकेश निषाद की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे गैर इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।









