बलरामपुर-रामानुजगंज में संयुक्त टीम की छापेमारी, वन्यजीव तस्करी के खिलाफ अभियान तेज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में संगठित वन अपराध और वन्यजीव तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में हाथीदांत तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र, भोपाल), राज्य उड़न दस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने रामानुजगंज स्थित एक धर्मशाला में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हाथीदांत तस्करी से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वन मंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। वन विभाग ने कहा है कि वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि प्रदेश में वन्यजीवों और जैव विविधता का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।








