रायपुर में महिला आयोग की सुनवाई, कुल 6 प्रकरणों का हुआ निराकरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू और सदस्य सरला कोसरिया, ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका शोरी ने रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई की। इस दौरान कुल 6 प्रकरणों का निराकरण किया गया।
ESIC अस्पताल की 13 नर्सों का मामला प्रमुख
सुनवाई के दौरान ईएसआईसी हॉस्पिटल की 13 नर्सों से जुड़ा मामला प्रमुखता से सामने आया। नर्सों ने आरोप लगाया कि उन्हें काम पर लगाने वाली एजेंसी द्वारा उनके वेतन की आधी राशि कथित तौर पर ले ली जाती थी।
नर्सों की शिकायत को महिला आयोग ने गंभीरता से लिया और मामले में संबंधित पक्षों की स्थिति की जानकारी ली।
महिला आयोग ने FIR के दिए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने संबंधित पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अन्य मामलों की भी हुई सुनवाई
महिला आयोग की बैठक में महिला उत्पीड़न से जुड़े अन्य प्रकरणों पर भी सुनवाई की गई। अधिकारियों और संबंधित पक्षों से जानकारी लेने के बाद कुल छह मामलों का निराकरण किया गया। आयोग ने महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।







