मंत्री केदार कश्यप के “दारू से स्वागत” वाले बयान पर विवाद, कांग्रेस ने जताई नाराज़गी
Raipur। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के 21 जून को रायपुर में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने से पहले ही सियासी माहौल गरमा गया है। उनके लंबे अंतराल के बाद छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर बढ़ी सियासी हलचल
कांग्रेस के इस कार्यक्रम को लेकर जहां संगठनात्मक तैयारियां चल रही हैं, वहीं भाजपा नेताओं के बयान से माहौल गरमाता जा रहा है। कार्यक्रम में राहुल गांधी की मौजूदगी को लेकर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।
मंत्री केदार कश्यप का विवादास्पद बयान
वन मंत्री केदार कश्यप ने मीडिया से चर्चा के दौरान ऐसा बयान दिया, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपने “आका” को खुश करने के लिए कई तरह के “नवाचार” करती है।उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार प्रियंका गांधी के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुलाब की पंखुड़ियों से सड़क सजाई थी, और कांग्रेस अपने शासनकाल में भ्रष्टाचार और शराब घोटालों में डूबी रही।
“दारू से पैर धोकर स्वागत” वाला बयान बना विवाद का कारण
मंत्री कश्यप ने आगे टिप्पणी करते हुए कहा कि जब राहुल गांधी छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, तो कांग्रेसियों को उनका स्वागत “दारू से पैर धोकर” करना चाहिए। इसी बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है और विपक्ष ने इसे आपत्तिजनक बताया है।
रेत खनन विवाद और भाजपा नेता की हत्या पर भी दी प्रतिक्रिया
रेत उत्खनन और कोरिया जिले में भाजपा नेता की हत्या के मामले पर भी मंत्री ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि पिछली व्यवस्था में ठेकों में अनियमितताएं थीं, लेकिन अब स्थिति बदली है। सरकार घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई कर रही है और दोषियों को संरक्षण नहीं दिया जा रहा है।








