महुआ बीनने जंगल गई महिला पर लोनर हाथी ने किया हमला
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतुरियाडांड़ में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जंगल में महुआ डोरी संग्रहण करने गई एक बुजुर्ग महिला की लोनर हाथी के हमले में मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पतुरियाडांड़ निवासी 70 वर्षीय सुखमत बाई, अपने रोजमर्रा की तरह जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक उनका सामना एक लोनर हाथी से हो गया।
भागने की कोशिश के बावजूद नहीं बच सकी जान
प्रत्यक्षदर्शियों और वन विभाग के अनुसार, हाथी को देखते ही महिला ने भागने की कोशिश की, लेकिन वह सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सकीं। इससे पहले ही हाथी ने उन पर हमला कर दिया और कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
वन विभाग ने दी तात्कालिक सहायता राशि
वन विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए जनपद सदस्य और ग्राम सरपंच की उपस्थिति में मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। विभाग ने क्षेत्र में हाथी की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील भी की है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और लोग वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।








