केन्द्रीय विद्यालय के वाहनों की जांच, निजी एलएमवी को टैक्सी श्रेणी में बदलने के निर्देश
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। यह कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला और यातायात पुलिस की टीम द्वारा की गई।
जांच के दौरान केन्द्रीय विद्यालय महासमुंद में विद्यार्थियों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की गई। अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों का पालन कराना था।
कई विद्यार्थी निजी वाहनों से आते-जाते मिले
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ विद्यार्थी निजी लाइट मोटर व्हीकल (LMV) वाहनों से स्कूल आ-जा रहे थे। इस पर अधिकारियों ने वाहन स्वामियों और चालकों को सख्त हिदायत दी कि ऐसे वाहनों को नियम अनुसार टैक्सी श्रेणी में परिवर्तित कर ही संचालन किया जाए।
इसके साथ ही सभी वाहन चालकों को मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
दुपहिया वाहनों पर नहीं मिला कोई उल्लंघन
जांच अभियान के दौरान राहत की बात यह रही कि कोई भी विद्यार्थी दुपहिया वाहन से स्कूल आते-जाते नहीं पाया गया। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा नियमों के पालन के लिहाज से सकारात्मक संकेत बताया।
सुरक्षा को लेकर आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों और यात्री बसों की इस तरह की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।










