स्कूटी से सामान लेने निकले थे तीन बच्चे, हादसे के बाद ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे पर किया चक्काजाम
कोरबा/कटघोरा। नाबालिगों को वाहन चलाने देना एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कोरबा जिले के पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार टैंकर और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना बांगो थाना क्षेत्र की है।

सामान लेने निकले थे तीनों बच्चे
जानकारी के मुताबिक, कोनकोना बस्ती के गोस्वामी पारा निवासी 13 वर्षीय बूटी गोस्वामी और 12 वर्षीय दशरथ गोस्वामी एक अन्य नाबालिग विक्की के साथ स्कूटी से सामान लेने पोड़ी बस स्टैंड पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही भाई-बहन की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटी गोस्वामी और दशरथ गोस्वामी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चे एक ही परिवार के थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
घटना के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने बांगो-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते यात्री बसों समेत कई वाहनों को जाम में फंसना पड़ा और यातायात प्रभावित हुआ।

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर बांगो पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।









