पांच मेमू और लोकल ट्रेनें रद्द, कई एक्सप्रेस ट्रेनों को स्टेशन और आउटर पर रोका गया
बिलासपुर। बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन के साथ-साथ रेल यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोनल स्टेशन और यार्ड में भारी जलभराव के कारण रेलवे ट्रैक और पटरियां पानी में डूब गई हैं। इसके चलते सिग्नलिंग और ट्रैक सर्किट सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रायपुर, कोरबा और रायगढ़ रूट पर संचालित होने वाली पांच मेमू और लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया है। वहीं, कई महत्वपूर्ण और वीआईपी ट्रेनों को बिलासपुर स्टेशन तथा बाहरी आउटरों पर रोककर नियंत्रित किया गया।

ट्रैक सर्किट सिस्टम हुआ फेल
रेलवे नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर स्टेशन यार्ड में पानी भर जाने के कारण ट्रैक सर्किट सामान्य रूप से काम नहीं कर पा रहा है। इस तकनीकी आपात स्थिति के चलते हावड़ा-मुंबई रूट की महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है। ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स और हावड़ा-मुंबई मेल सहित कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को बिलासपुर स्टेशन पर काफी देर तक रोककर रखा गया।

पायलटिंग और मैनुअल गाइडेंस से गुजरेंगी ट्रेनें
रेलवे इंजीनियरों के अनुसार, जब तक यार्ड का ट्रैक सर्किट सिस्टम पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक सुरक्षा नियमों के तहत ट्रेनों को विशेष सावधानी के साथ संचालित किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर पायलटिंग और मैनुअल गाइडेंस की मदद से ट्रेनों को बेहद धीमी गति से बिलासपुर रेलवे यार्ड से सुरक्षित गुजारा जाएगा।
लगातार बारिश के कारण रेलवे प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जलभराव कम होने तथा तकनीकी व्यवस्था सामान्य होने के बाद ही रेल परिचालन को पूरी तरह नियमित किया जा सकेगा।








