ग्रामीणों की शिकायत और वीडियो के बाद हुई कार्रवाई, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कांकेर। जिले के नरहरपुर विकासखंड में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम मर्रामपानी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला डोकरानाला के प्रधान पाठक के कथित रूप से शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार की है। ग्रामीण जब स्कूल पहुंचे तो वहां पदस्थ प्रधान पाठक शोभाराम ध्रुव कथित रूप से नशे की हालत में मिले। इस दौरान ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भेजते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग ने शिकायत और उपलब्ध तथ्यों को गंभीरता से लिया। प्रारंभिक जांच के बाद प्रधान पाठक के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य को संवारने का स्थान है और ऐसे में शिक्षकों का इस तरह का आचरण न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि विद्यार्थियों पर भी गलत प्रभाव डालता है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने कहा कि शासकीय सेवकों से अनुशासित और जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








