तेज बहाव में कार सहित बहे दंपति की तलाश जारी, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के माधोपाली में रविवार शाम हुए दर्दनाक हादसे के बाद सोमवार सुबह कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुनील शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जिला मुख्यालय से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित लातनाला पहुंचकर दोनों अधिकारियों ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), पुलिस और ग्रामीणों से राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली।

कार सहित तेज बहाव में बहा दंपति
जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े घोठला निवासी देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी कार सहित लातनाला के तेज बहाव में बह गए थे। घटना के बाद से दोनों की तलाश लगातार जारी है। मौके पर एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

सर्च ऑपरेशन की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और एसपी सुनील शर्मा ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने एसडीआरएफ की टीम को खोज अभियान में तेजी लाने और हर संभावित स्थान पर गहन तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
प्रशासन की लगातार निगरानी
प्रशासन ने बताया कि जब तक दोनों लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं तथा प्रशासन की सुरक्षा संबंधी सलाह का पालन करें।







