देवपुरी स्थित गोदाम पर छापेमारी के बाद सामने आई अनियमितताएं, विभाग की बड़ी वसूली
रायपुर। स्टेट जीएसटी विभाग ने खजूर के कारोबार से जुड़े एक बड़े मामले में पहली बार बड़ी कर वसूली की है। विभाग की छापेमारी के बाद शहर के कारोबारी साधुराम नेनूमल ने एकमुश्त 1.30 करोड़ रुपये का कर जमा कराया है। इसे राज्य में खजूर कारोबार से जुड़ी सबसे बड़ी कर वसूली में से एक माना जा रहा है।

देवपुरी के गोदाम पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, स्टेट जीएसटी विभाग को सूचना मिली थी कि एसएन ट्रेडर्स का देवपुरी में बड़ा गोदाम है। कारोबारी गुढ़ियारी समेत शहर के कई स्थानों से खजूर की खरीदी-बिक्री करता है और विदेश से खजूर आयात कर विभिन्न राज्यों में भी आपूर्ति करता है।

मुख्य गोदाम का पता लगने के बाद हुई कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों को लंबे समय से कारोबारी के मुख्य गोदाम की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। जांच के दौरान देवपुरी स्थित बड़े गोदाम का पता चलने पर वहां छापेमारी की गई। जांच में सामने आई कर संबंधी अनियमितताओं के बाद कारोबारी ने विभाग के समक्ष 1.30 करोड़ रुपये का कर जमा कर दिया।

जांच जारी, अन्य पहलुओं की भी पड़ताल
स्टेट जीएसटी विभाग का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है। कारोबारी के दस्तावेजों, लेन-देन और कर भुगतान से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








