हसदेव नदी किनारे साइबर सेल और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध जुआ संचालकों में मचा हड़कंप
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना क्षेत्र के फोकटपारा स्थित हसदेव नदी किनारे एक सूने मकान में चल रहे जुआ फड़ पर छापा मारा। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 8 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि फोकटपारा क्षेत्र में सुनसान मकान को जुआ खेलने का अड्डा बना दिया गया है। बाहरी लोगों और पुलिस की नजर से बचने के लिए आरोपी हसदेव नदी किनारे स्थित इस स्थान का इस्तेमाल कर रहे थे।

सूचना की पुष्टि होने के बाद साइबर सेल और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रणनीति बनाकर मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान जुआ खेल रहे 8 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही नकदी, ताश की गड्डियां और अन्य सामग्री भी जब्त की है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित करने वालों में हड़कंप का माहौल है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।







