मंत्रालय में पहुंच का दावा कर ऐंठे रुपए, दुर्ग-भिलाई से दबोचा गया आरोपी
जगदलपुर। फूड इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आसना स्कूलपारा निवासी विनोद पानीग्राही (43) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके परिचित लारेंस एंथोनी कुज ने मंत्रालय में अच्छी पहुंच होने का दावा करते हुए फूड इंस्पेक्टर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।

गूगल पे और चेक से लिए 2 लाख रुपये
शिकायत के मुताबिक 24 जुलाई 2022 से 20 सितंबर 2024 के बीच पीड़ित ने आरोपी के बैंक खाते में गूगल पे और चेक के माध्यम से कुल 2 लाख रुपये जमा किए। लंबे समय तक नौकरी नहीं मिलने पर जब पीड़ित ने चयन प्रक्रिया और सूची की जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।

दुर्ग-भिलाई से हुई गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने गूगल पे के माध्यम से रकम लेने की बात स्वीकार कर ली।
मोबाइल जब्त, भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद रविवार को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।







